⭕ सोनलबा पढियार ने दिया तलवारबाजी का प्रशिक्षण
बीबीएन,बीकानेर। मिरेकल लर्निंग फाउंडेशन और क्षत्रिय सभा बीकानेर संभाग के संयुक्त तत्वावधान में बिदासर हाउस तीर्थ स्तंभ परिसर में 15 से 19 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय आत्मरक्षा तलवारबाजी प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गुजरात से विशेष रूप से आमंत्रित प्रसिद्ध प्रशिक्षिका सोनलबा पढियार और उनकी टीम ने राजपूत समाज की बालिकाओं व युवाओं को आत्मरक्षा तकनीकों के साथ पारंपरिक क्षत्रिय युद्धकला का प्रशिक्षण दिया।
सोनलबा पढियार 2015 से महिलाओं और किशोरियों को तलवारबाजी प्रशिक्षण दे रही हैं तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड 2019, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड 2019, गुजरात सीने मीडिया अवॉर्ड, राजपूत क्षत्रिय नारी रत्न सम्मान, ऊर्जा अवार्ड 2021 सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं। वे अब तक देशभर में 15,000 से अधिक बहन-बेटियों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं।
इस शिविर का आयोजन मिरेकल लर्निंग फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ करण सिंह सिसोदिया, प्रेसिडेंट एवं एनएलपी एक्सपर्ट आरती राठौर, और क्षत्रिय सभा बीकानेर संभाग के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजपूत समाज की बालिकाओं व युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि कर्नल हेम सिंह शेखावत, कर्नल मोहन सिंह धूपालिया, और मगन सिंह RPS ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने, समाज की परंपराओं को संजोने तथा आत्मरक्षा को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को लेकर अपने अनुभव साझा किए। पूर्णिमा राजवी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्वयं को अधिक सुरक्षित व सक्षम महसूस करती हैं। पप्पू सिंह सेवड़ा ने समाज की पारंपरिक युद्धकलाओं को जीवित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत के लिए आरती राठौर ने पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट की। मिरेकल लर्निंग फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी जय सिंह चौहान और राजपाल सिंह भाटी की टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
—




