🔴 कार ब्लास्ट से दहशत, कई गाड़ियां जलीं
बीबीएन, नेटवर्क। राजधानी दिल्ली सोमवार की शाम उस वक्त दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास जोरदार धमाका हुआ। जानकारी के अनुसार विस्फोट एक i 20 स्पोर्ट्स कार में हुआ है। कार में तीन लोग सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि ये एक आत्मघाती हमला है। घटना के बाद NIA ओर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। जानकारी के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद एक कार में भीषण आग लग गई और उसकी चपेट में आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आ गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और क्षेत्र घने धुएं से भर गया। हादसे के समय मेट्रो स्टेशन और लाल किले के पास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दमकल विभाग को शाम करीब 6:55 बजे विस्फोट की सूचना मिली, जिसके बाद कई फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट कार में लगे सीएनजी सिलेंडर फटने से हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अब तक किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं की है।
वहीं सोशल मीडिया पर धमाके के वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें आग की लपटें और क्षतिग्रस्त वाहन साफ दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से लाल किला क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में बाधा न पहुंचे।
—


