⭕ हैंड ग्रेनेड के साथ बड़े हमले की साज़िश नाकाम, पुलिस ने दो आतंकी पकड़े
बीबीएन, नेटवर्क। कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी आतंकी वारदात को टालते हुए दो आतंकियों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पुलिस गश्त के दौरान लाडोवाल के पास दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भाग निकले और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो हैंड ग्रेनेड, चार पिस्तौल और 50 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं, जिससे आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना में थे। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की रिपोर्ट तुरंत चंडीगढ़ तक भेजी।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा और बिहार पुलिस द्वारा एक दिन पहले ही कुछ आतंकियों को हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ने के बाद कई इनपुट्स साझा किए गए थे। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर लुधियाना पुलिस इलाके में सतर्कता बढ़ाकर गश्त कर रही थी। मुठभेड़ में घायल दोनों आतंकियों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इसे एक टेरर मॉड्यूल मानकर जांच कर रही है, जिसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
—



