बीबीएन, नेटवर्क | अंतरराष्ट्रीय अपराध और आतंकी फंडिंग से जुड़े गंभीर आरोपों का सामना कर रहे गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को पटियाला हाउस कोर्ट ने फिर से 7 दिन की NIA रिमांड पर भेज दिया। एजेंसी की कड़ी दलीलों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने रिमांड अवधि बढ़ाने का आदेश दिया।
NIA ने कोर्ट को बताया कि बिश्नोई से मिली अब तक की जानकारी कई देशों तक फैले संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करती है, जिसे खंगालने के लिए और पूछताछ अनिवार्य है। पिछली सुनवाई में कोर्ट यह साफ कर चुका है कि इस केस से जुड़ी कार्यवाही एनआईए मुख्यालय में ही की जाएगी।
🔴 हत्या, अपहरण और टारगेट किलिंग से जुड़े कई मामलों में नाम
🔶 पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या
🔶 मुंबई के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश
🔶 अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग
🔶 करीब 35 हत्या और 20 अपहरण
🔶 रंगदारी और आतंकी गतिविधियों की फंडिंग
जांच एजेंसी का दावा है कि अनमोल लंबे समय से अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई गैंग के जरिए भारत में हिंसक अपराध करवाता रहा और विदेश में रहकर गैंग को निर्देशित करता रहा।
🔴 विदेश में बैठकर संचालित करता था आतंकी नेटवर्क
NIA के अनुसार अनमोल का नेटवर्क बब्बर खालसा इंटरनेशनल से भी जुड़ा पाया गया है। एजेंसी का कहना है कि विदेश से आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाना, युवाओं की भर्ती कराना, सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाली पोस्ट, बड़े लोगों की टारगेट किलिंग की साजिश शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि अनमोल ने नेपाल, दुबई और केन्या के रास्ते वर्ष 2022 में फर्जी पासपोर्ट बनवाकर अमेरिका में शरण ली थी। वह नवंबर 2024 से वहां हिरासत में था, जहां से उसे प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। प्रत्यर्पण के बाद वह इस केस में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है।
🔴 NIA ने घोषित किया था 10 लाख का इनाम
एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2020 से 2023 तक अनमोल ने गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। NIA ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।अब एजेंसी उसे आपराधिक और आतंकी गठजोड़ के वित्तीय स्रोतों और विदेशी नेटवर्क से जुड़े इनपुट पर गहन पूछताछ के लिए रिमांड पर लेकर काम आगे बढ़ाने की तैयारी में है।






