बीबीएन,बीकानेर। श्री खाटू श्याम मंदिर में बुधवार को जया एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर में लंबी कतारें लग गईं, जबकि मंदिर ट्रस्ट ने आगामी फाग उत्सव की विस्तृत तैयारियों की शुरुआत कर दी है। इससे भक्तों के बीच एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है। बसंत के आगमन के साथ ही मंदिर परिसर रंग-बिरंगे फूलों से सज गया। भक्तों ने बाबा श्याम को पीले व लाल गुलाब अर्पित किए और ‘श्याम नाम’ के जयकारों व भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि जया एकादशी के उपरांत अब फाग उत्सव की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
फाग उत्सव के दौरान आने वाले दिनों में कई विशेष आयोजन होंगे। इनमें बाबा का फाग उत्सव, भंडारे, चंग पर धमाल, फूलों की होली और अखंड भजन-कीर्तन शामिल हैं। दिल्ली से विशेष रूप से मंगाए गए ताजे फूलों से बाबा श्याम का श्रृंगार किया जाएगा, जिसकी सेवा चेतन शर्मा और किशन शर्मा द्वारा की जाएगी। परंपरा के अनुसार, फाग उत्सव में महिला भक्त विशेष रूप से लाल-पीली साड़ियों में सजधज कर हाजिरी लगाएंगी। मंदिर परिसर को इत्र व फूलों से सुगंधित किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य ओम जिंदल, बृजमोहन जिंदल व सुरेश अग्रवाल सहित अन्य स्वयंसेवक इन आयोजनों में सेवाएं देंगे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं। इस पूरे आयोजन का उद्देश्य भक्तों को सुगम दर्शन और एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। खाटू धाम इन दिनों भक्ति, उल्लास और बसंत के रंगों में पूरी तरह सराबोर नजर आ रहा है।

