🔴 सिद्धू मूसेवाला केस से लेकर बाबा सिद्दीकी मर्डर तक—अनमोल पर देशभर में कई मामले
बीबीएन, नेटवर्क। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में वांछित अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने उन्हें इस केस का मुख्य साजिशकर्ता बताया था।
उन पर सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले, सलमान खान के घर के बाहर गोलीकांड, तथा NIA द्वारा दर्ज 18 गंभीर मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं। NIA ने पिछले वर्ष अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। सूत्रों के अनुसार, अनमोल को देश लाए जाने के बाद यह निर्णय केंद्र सरकार करेगी कि उन्हें पहले किस एजेंसी की हिरासत में दिया जाएगा।
प्रत्यर्पण की आधिकारिक पुष्टि
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अनमोल को अमेरिका से भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को मंगलवार को अमेरिकी प्रशासन से ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि अनमोल को आधिकारिक रूप से “रिमूवल ऑर्डर” के तहत भारत को सौंप दिया गया है। अनमोल, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है, जो वर्तमान में जेल में बंद है।
पीड़ित परिवार को मिली आधिकारिक सूचना
बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें भी अमेरिकी अधिकारियों से ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें अनमोल के भारत भेजे जाने की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा
“मैं पीड़ित परिवार से हूं, इसलिए अधिकारी मुझे केस की प्रगति की जानकारी देते रहते हैं। आज सुबह मुझे मेल मिला कि अनमोल को अमेरिका से निकालकर भारत भेज दिया गया है। अभी यह साफ नहीं है कि उसे भारत में कहाँ लाया गया है।”
साजिश और ऑडियो क्लिप्स का दावा
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से कई वॉइस क्लिप्स मिले थे, जिनमें कथित तौर पर अनमोल को हत्या को अंजाम देने के निर्देश देते हुए सुना जा सकता है अधिकारियों का कहना है कि अनमोल, लॉरेंस गिरोह के कई बड़े आपरेशनों का संचालन विदेश से रहकर करता था।
—




