🔴 दिनभर 40–45 बार फाटक बंद, जाम से उद्योगपति और विद्यार्थी परेशान
बीबीएन,बीकानेर। करणी और बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र की तरक्की के बीच सबसे बड़ी बाधा बने रेलवे फाटक को लेकर उद्योग जगत अब खुलकर आगे आ गया है। बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया और उद्योगपति राजीव शर्मा ने मंगलवार को संभागीय आयुक्त विश्राम से मुलाक़ात कर लिंक रोड पर ओवरब्रिज निर्माण की तत्काल मांग की।
उद्योग जगत का कहना है कि रेलवे फाटक दिनभर 40 से 45 बार बंद होता है, जिससे भारी जाम लग जाता है। कई बार मालगाड़ी की संटिंग के दौरान फाटक 30 मिनट से ज्यादा बंद रहता है और उद्योगों से निकलने वाला माल घंटों फंस जाता है। इससे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो रहा है।
उत्पादन और सप्लाई पर असर
पचीसिया ने बताया कि बीछवाल और करणी के दोनों ही औद्योगिक क्षेत्रों में सैकड़ों यूनिटें चल रही हैं, जिनमें से कई की पहचान विदेशों तक है। इनके कच्चे माल और तैयार प्रोडक्ट का आवागमन पूरी तरह इसी लिंक रोड पर निर्भर है। उन्होंने कहा“हर बार फाटक बंद होने पर लंबी लाइनें लग जाती हैं। उद्योगों की सप्लाई चेन पर इसका सीधा असर पड़ता है।”
विदेशी मशीनों के इंजीनियर ओर छात्र परेशान
उद्योगपति राजीव शर्मा ने बताया कि करणी औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को रोज़ाना जाम का सामना करना पड़ता है। विदेशी कंपनियों के इंजीनियर, खरीदार और सप्लायर भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं और फाटक बंद रहने से उनके शेड्यूल पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि करणी इंडस्ट्रियल एरिया का थर्ड फेस विस्तार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, इसलिए बेहतर कनेक्टिविटी बेहद ज़रूरी है।
अब इंतज़ार नहीं, समाधान चाहिए
प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि अब रेलवे फाटक समस्या का ‘अस्थायी समाधान’ नहीं चलेगा। बढ़ते औद्योगिक क्षेत्र, बढ़ते ट्रैफिक और बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों के मद्देनज़र ओवरब्रिज ही स्थायी समाधान है। उन्होंने संभागीय आयुक्त से जल्द से जल्द कार्यवाही की अपेक्षा जताई।
—





