🔴 दिल्ली धमाका: एनआईए ने i20 कार मालिक को पकड़ा
बीबीएन, नेटवर्क। लाल किला बम विस्फोट की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने केस में पहली गिरफ्तारी करते हुए आमिर राशिद अली नामक शख्स को दिल्ली से दबोचा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल की गई हुंडई i20 कार उसी के नाम पर रजिस्टर्ड थी और उसने कथित तौर पर इस वाहन की खरीद में भी अहम भूमिका निभाई थी।
एनआईए ने दिल्ली पुलिस से केस अपने हाथ में लेने के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान एजेंसी की टीम को आमिर की गतिविधियों पर महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर औपचारिक तौर पर गिरफ्तारी की गई।
एजेंसी की जांच में यह भी सामने आया है कि आमिर राशिद अली मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पंपोर का रहने वाला है और उसने डॉ. उमर के साथ मिलकर धमाके की साजिश को तैयार किया था। फोरेंसिक जांच में ब्लास्ट में मारे गए कार ड्राइवर की पहचान पुलवामा निवासी उमर उन नबी के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम कर रहा था। एनआईए अब आमिर की भूमिका, फंडिंग, संपर्कों और पूरी आतंकी साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एजेंसी जल्द ही इस केस में और गिरफ्तारियां कर सकती है।
—


